छिंदवाड़ा। जिले के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के ग्राम हनोतिया के पास रविवार शाम दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसा हनोतिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कुछ दूरी पर हुआ। दोनों बाइकों पर दो-दो युवक सवार थे और टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस और डायल-112 टीम ने घायलों को जुन्नारदेव अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय चंद्रभान यादव, 15 वर्षीय चमन यादव और 20 वर्षीय सोनू उईके के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइकों की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो तेज रफ्तार बाइकों की भिड़ंत में 3 युवकों की मौत




