नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2026 के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। अरुण जेटली स्टेडियम में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 193 रन बनाए, जवाब में दिल्ली ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दिल्ली की जीत के हीरो केएल राहुल और अभिषेक पोरेल रहे, जिन्होंने पहले विकेट के लिए 105 रन की शानदार साझेदारी की। राहुल ने 42 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि पोरेल ने 31 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेली। अंत में कप्तान अक्षर पटेल ने 18 गेंदों में नाबाद 34 रन और आशुतोष शर्मा ने 5 गेंदों में 18 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए। इससे पहले राजस्थान के लिए ध्रुव जुरेल ने 53 और कप्तान रियान पराग ने 26 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 46 रन की आक्रामक पारी खेली। हालांकि डेथ ओवरों में मिचेल स्टार्क की शानदार गेंदबाजी ने मैच पलट दिया। स्टार्क ने 4 विकेट झटके, जबकि लुंगी एनगिडी और माधव तिवारी को 2-2 विकेट मिले। राजस्थान की यह लगातार तीसरी हार रही, जिससे उसकी प्लेऑफ की राह और मुश्किल हो गई।
दिल्ली ने राजस्थान को 5 विकेट से हराया, प्लेऑफ की उम्मीद बरकरार




