गुरुग्राम। सेक्टर-56 में रहने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर और बिग बॉस ओटीटी-2 विजेता Elvish Yadav से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज भेजकर एल्विश यादव और उनके पिता राम अवतार यादव को दो दिन के भीतर रकम देने की धमकी दी गई। मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी रणदीप मलिक बताया और पैसे नहीं देने पर गोली मारने की चेतावनी दी। मामले की शिकायत सेक्टर-56 थाना पुलिस को दी गई है, जिसके बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस के अनुसार 5 मई को एल्विश के पास विदेशी नंबर से कॉल आई थी, जिसे वह उठा नहीं पाए, इसके बाद धमकी भरा मैसेज भेजा गया। पुलिस ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है और कॉल की लोकेशन व आरोपी की पहचान की जा रही है। इससे पहले अगस्त 2025 में भी एल्विश यादव के घर पर बदमाशों ने फायरिंग की थी, जिसमें कई आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
गुरुग्राम में एल्विश यादव से 10 करोड़ की रंगदारी मांगी, गैंगस्टर के नाम से मिली धमकी




