गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो बदमाश गिरफ्तार किए गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसीपी मसूरी सर्किल के कार्यवाहक भास्कर वर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो बदमाश दिल्ली-मेरठ मार्ग और गंगनहर पटरी पर लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इसके बाद थाना प्रभारी अंकित कुमार ने पुलिस टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया। चितौड़ा पुल के पास बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें पीछे बैठे बदमाश राहुल उर्फ रितिक के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल राहुल और उसके साथी विनय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे दिल्ली, गाजियाबाद, साहिबाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में रेकी कर लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए 10 मोबाइल फोन, एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार राहुल पर दिल्ली, मेरठ, अलीगढ़ और गाजियाबाद में चोरी और लूट के 16 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि विनय पर 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार; एक के पैर में गोली लगी




