दिल्ली। कड़कड़डूमा लोअर कोर्ट में तैनात 30 वर्षीय न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जहां उनका शव बाथरूम में फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार उन्होंने पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। अमन दिल्ली न्यायिक सेवा में 2021 से कार्यरत थे और वर्तमान में नॉर्थ-ईस्ट जिले में डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी के फुल-टाइम सेक्रेटरी के पद पर कार्य कर रहे थे। परिवार का दावा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था और अमन ने एक दिन पहले अपने पिता को फोन कर मानसिक रूप से परेशान होने की बात कही थी। पिता के दिल्ली पहुंचने के बाद भी दोनों के बीच झगड़ा जारी रहा। शनिवार सुबह शोर शांत होने के बाद जब अमन दिखाई नहीं दिए तो फोन करने पर उनका मोबाइल बाथरूम में बजता मिला, जिसके बाद खिड़की तोड़कर अंदर देखा गया तो वे फंदे से लटके हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
कड़कड़डूमा कोर्ट के न्यायिक अधिकारी की संदिग्ध मौत, पत्नी से विवाद के बाद फंदे पर मिले शव




