2027 वर्ल्ड कप में होगी गौतम गंभीर की असली परीक्षा, सौरव गांगुली बोले– साउथ अफ्रीका की परिस्थितियां होंगी चुनौती

Must read

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर अपना दूसरा ICC खिताब हासिल किया है। इससे पहले उनकी कोचिंग में टीम इंडिया ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती थी। हालांकि पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का कहना है कि गंभीर की असली परीक्षा 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में होगी। गांगुली ने एक इंटरव्यू में कहा कि 2027 का वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका में खेला जाएगा और वहां की परिस्थितियां टीम और कोच दोनों के लिए बड़ी चुनौती साबित होंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि गंभीर मौजूदा टीम के साथ वहां भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भारत फाइनल तक अजेय रहा था, लेकिन खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था। ऐसे में गंभीर पर अब बतौर कोच भारत को वनडे वर्ल्ड कप जिताने का दबाव होगा, जबकि उन्होंने 2011 में बतौर खिलाड़ी यह खिताब जीता था। गांगुली ने यह भी कहा कि 2027 का वर्ल्ड कप भारत के दो दिग्गज खिलाड़ियों रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए भी बेहद अहम हो सकता है और माना जा रहा है कि यह उनके करियर का आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है। ऐसे में गंभीर की जिम्मेदारी होगी कि वह इन दोनों दिग्गजों को यादगार विदाई दिलाने में टीम की मदद करें। गांगुली ने टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन सुधारने को लेकर भी गंभीर को सलाह दी और कहा कि उन्हें पिच के बारे में ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को घरेलू मैदानों पर स्पिन की मददगार टर्निंग पिचों की जरूरत नहीं है, अच्छी और संतुलित पिचें ही बेहतर नतीजे देती हैं। गांगुली ने गंभीर का समर्थन करते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन कोच हैं और उन्हें थोड़ा समय दिया जाना चाहिए। उनके मुताबिक व्हाइट बॉल क्रिकेट में गंभीर की रणनीति काफी प्रभावी रही है और उनके पास एक मजबूत टीम भी है। आईपीएल 2026 के बाद गंभीर का पूरा ध्यान टेस्ट और वनडे क्रिकेट पर रहेगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article