नोएडा। सेक्टर-93बी और ग्राम गेझा के टी-पॉइंट पर मंगलवार को गहरी सीवर लाइन की सफाई के दौरान एक सफाईकर्मी की मौत हो गई। प्राधिकरण के अनुसार, संविदाकार कंपनी द्वारा कराई जा रही सफाई के दौरान सफाईमित्र शिवा सुरक्षा उपकरण पहनकर मेनहोल में ब्लॉकेज हटाने के लिए उतरे थे, लेकिन अंदर मौजूद तारों में फंस गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर साथियों ने उन्हें निकालने की कोशिश की और बाद में पुलिस व फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद नोएडा प्राधिकरण ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और उसे ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित अवर अभियंता की सेवा समाप्त करने, प्रबंधक के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि और वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण ने मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता और अन्य आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन भी दिया है।
सीवर सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा, मेनहोल में फंसे सफाईकर्मी की मौत




