ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में नाइजीरिया के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 67 एटीएम कार्ड, 8 स्मार्टफोन, 8 कीपैड मोबाइल, डोंगल, 5 लाख रुपए नकद और एक होंडा सिटी कार बरामद की गई है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से ओमीक्रॉन-3 क्षेत्र की सर्विस रोड से उसे दबोचा। जांच में सामने आया कि आरोपी स्टूडेंट वीजा पर भारत आया था और लोगों को लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड खरीदवाने के बाद बैंक खातों की जानकारी हासिल कर इंटरनेट बैंकिंग के जरिए साइबर ठगी करता था। वह मैट्रिमोनियल साइट्स पर शादी का झांसा देने, दोस्ती के नाम पर महंगे गिफ्ट भेजने और कस्टम ड्यूटी का बहाना बनाकर लोगों से पैसे वसूलता था। एनसीआरबी पोर्टल के अनुसार, आरोपी से बरामद एटीएम कार्डों से जुड़े 43 मामलों की शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और संबंधित दूतावास समेत अन्य अधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी है।




