ग्रेटर नोएडा। Greater Noida के जेवर कोतवाली क्षेत्र के धनसिया गांव में मैरिज होम संचालक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना में संचालक के चाचा नरेश गोली के छर्रे लगने से घायल हो गए, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को दी शिकायत में नीरज कुमार ने बताया कि उनके भाई हिमांशु गांव में मैरिज होम चलाते हैं। बुधवार रात हिमांशु मैरिज होम पर काम कर रहे थे, तभी दस्तमपुर गांव के तीन युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। समझाने के बाद आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देकर चले गए। आरोप है कि देर रात तीनों युवक फिर हिमांशु के घर पहुंचे और गेट खुलवाने लगे। नीरज ने गेट खोला तो एक आरोपी ने अवैध हथियार से फायरिंग कर दी। नीरज बाल-बाल बच गए, लेकिन पास में खड़े उनके चाचा नरेश को चेहरे, गर्दन और छाती पर छर्रे लग गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने तीन नामजद युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




