नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 54 वर्षीय व्यक्ति और उसके 13 वर्षीय बेटे के शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। मृतकों की पहचान प्रवीण शर्मा और उनके बेटे नैतिक के रूप में हुई है। पुलिस जांच में घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें प्रवीण ने अपनी पत्नी से लंबे समय से चल रहे विवाद और मानसिक परेशानी का जिक्र किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आशंका है कि प्रवीण ने पहले बेटे को कोई जहरीला पदार्थ देकर उसकी जान ली और उसके बाद खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि, बेटे की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। शनिवार सुबह मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि प्रवीण अपने माता-पिता और बेटे के साथ नॉर्थ छाज्जूपुर इलाके में रहते थे, जबकि उनकी पत्नी कई वर्षों से उनसे अलग रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, प्रवीण एक पुराने सड़क हादसे के बाद शारीरिक समस्याओं से भी जूझ रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा क्राइम और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।
:::
पत्नी से अलगाव के दर्द में टूटा पिता, बेटे की मौत के बाद खुद भी दी जान




