नई दिल्ली। द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में रोडरेज की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि मामूली टक्कर के बाद एक टैक्सी चालक ने दूसरे कार सवार युवक पर डंडे से हमला करने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम पीसीआर कॉल के जरिए घटना की सूचना मिली थी, जिसमें वैगनआर कार और सफेद मारुति अर्टिगा टैक्सी के बीच टक्कर के बाद विवाद होने की बात सामने आई। बचाव के दौरान टैक्सी चालक एक अन्य कार से टकराकर गिर गया, जिससे उस वाहन को मामूली नुकसान पहुंचा। बाद में संबंधित पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया और किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि घटना का वीडियो सामने आने के बाद कापसहेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉलर और टैक्सी चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आगे की जांच जारी है।
द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में रोडरेज, डंडे से हमला करने का वीडियो वायरल




