ग्वालियर। ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र निवासी राहुल जाटव ने अपनी पत्नी, सास, साली और शिवपुरी साइबर सेल में पदस्थ एक आरक्षक के खिलाफ एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल का दावा है कि उसकी शादी 14 अप्रैल 2026 को शिवपुरी निवासी राखी जाटव से हुई थी, लेकिन शादी के बाद पत्नी कथित तौर पर जेवरात चोरी करवा कर 23 मई को घर छोड़कर चली गई। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद पत्नी ने अलग-अलग नंबरों से फोन कर 5 लाख रुपए की मांग की और रकम नहीं देने पर झूठे मामलों में फंसाने तथा बदनाम करने की धमकी दी। राहुल ने दावा किया कि पत्नी पहले भी 10 से अधिक शादियां कर चुकी है और शादी के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोह का हिस्सा है। उसने पत्नी और उसके परिजनों के बैंक खातों की जांच की मांग की है। शिकायत में शिवपुरी साइबर सेल के एक आरक्षक पर भी निजी जानकारी लीक कर मदद करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच बिजौली थाना पुलिस को सौंप दी है।
ग्वालियर में ‘लुटेरी दुल्हन’ का आरोप, पति बोला- 5 लाख मांगकर दी झूठे केस में फंसाने की धमकी




