नोएडा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बैंक खाते की केवाईसी अपडेट कराने के बहाने लोगों से ठगी करने वाले गिरोह की मदद करने के आरोप में एक युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगों को अपना बैंक खाता किराए पर उपलब्ध कराता था, ताकि धोखाधड़ी से हासिल रकम उसमें जमा की जा सके। एक मामले में उसके खाते में नौ लाख रुपए ट्रांसफर किए गए थे, जिसके बदले उसे 45 हजार रुपए कमीशन मिला। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दिल्ली के बुराड़ी निवासी 24 वर्षीय विनय कुमार के रूप में हुई है, जो नौवीं तक पढ़ा है। साइबर अपराधी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों से केवाईसी अपडेट के नाम पर गोपनीय जानकारी हासिल करते थे और फिर बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पहले किन-किन साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे।
केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी कराने वाला बैंक खाता सप्लायर गिरफ्तार




