कटनी में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 हजार किलो महुआ लाहन नष्ट; तीन आरोपी गिरफ्तार

Must read

कटनी। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 4 हजार किलो महुआ लाहन नष्ट किया। वहीं, हाथ भट्टी की कच्ची शराब बनाने और बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर 16 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

जंगल में चल रही थी कच्ची शराब बनाने की तैयारी

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान बरही थाना पुलिस को खिरहनी पारधी टोला में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे और थाना प्रभारी अरविंद कुमार चौबे के नेतृत्व में बरही और विजयराघवगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद संदिग्ध लोग जंगल की ओर भाग निकले। मौके की तलाशी के दौरान 265 कंटेनरों में करीब 4 हजार किलो महुआ लाहन बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, इसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये है।

पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में पूरे महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा वहां मिली करीब 25 लीटर तैयार कच्ची महुआ शराब को भी नष्ट किया गया। पुलिस अब मौके से फरार हुए संदिग्ध शराब कारोबारियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

सपेरा डेरे में छापा, तीन आरोपी गिरफ्तार

इधर, स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सिहुड़ी स्थित सपेरा डेरा में भी पुलिस ने अवैध हाथ भट्टी शराब के खिलाफ कार्रवाई की। एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी में एक आरोपी के पास से 6 लीटर, मीना बाई सपेरा के पास से 5 लीटर और सरस्वती बाई सपेरा के पास से 5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। कुल 16 लीटर शराब की अनुमानित कीमत करीब 6,400 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके पर शराब तैयार करने के लिए रखा गया महुआ लाहन और अन्य उपकरण भी नष्ट कर दिए।

आबकारी एक्ट में केस दर्ज

स्लीमनाबाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, बरही थाना पुलिस फरार संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की नजर अवैध शराब बनाने वाले ठिकानों के साथ-साथ इससे जुड़े पूरे नेटवर्क पर है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article