फरीदाबाद। तिगांव थाना क्षेत्र के गांव मोजाबाद में 42 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। क्राइम ब्रांच DLF ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात के बाद शव को घर के पास गड्ढे में दबाकर छिपा दिया था।
पुलिस के अनुसार, मृतक श्यामवीर मोजाबाद गांव में अपने मकान में रहता था। उसके साथ आरोपी कामत भी रहता था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कामत के मृतक की पत्नी केशव के साथ कथित तौर पर संबंध थे। श्यामवीर को इसकी भनक लग गई थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।
शराब पिलाकर सिर पर किया वार
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने श्यामवीर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 16 अगस्त की शाम कामत ने श्यामवीर को शराब पिलाई। नशे में होने के बाद कथित तौर पर इंटरलॉकिंग टाइल से उसके सिर पर हमला कर दिया गया।
आरोप है कि इस दौरान मृतक की पत्नी ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि श्यामवीर की चीख-पुकार बाहर न पहुंच सके। हत्या के बाद दोनों ने शव को घर के पास मौजूद एक गड्ढे में दबाकर छिपा दिया।
जमीन में दबा मिला शव
24 अगस्त को फरीदाबाद कंट्रोल रूम से तिगांव थाना पुलिस को सूचना मिली कि जमीन में एक शव दबा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गड्ढा खुदवाकर शव बाहर निकाला गया।
मृतक के भाई रामबीर की शिकायत पर पुलिस ने हत्या की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पत्नी और कामत की भूमिका पर संदेह हुआ।
24 घंटे में दोनों गिरफ्तार
मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच DLF ने कार्रवाई करते हुए आरोपी केशव निवासी हाथरस, उत्तर प्रदेश और कामत निवासी महोबा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस हत्या में इस्तेमाल वस्तु, वारदात की परिस्थितियों और दोनों आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे पूछताछ कर रही है।




