फरीदाबाद में सोते युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, पत्नी और उसके प्रेमी तक पहुंची हत्या की जांच

Must read

फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र की श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में 37 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। घर में सो रहे गोपाल की गर्दन पर चाकू से कई वार कर उसकी जान ले ली गई थी। जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई उसकी पत्नी काजल और गांव के ही रहने वाले योगेंद्र की ओर घूम गई। पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और गोपाल को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची गई थी। अपराध शाखा डीएलएफ और पल्ला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक गोपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव का रहने वाला था। वह फरीदाबाद के डीएलएफ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्टरी में मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम करता था और श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में किराये पर रहता था। उसकी पत्नी काजल अपने तीन बच्चों के साथ कुंवरपुर गांव में रहती थी।

पुलिस को दी शिकायत में गोपाल के भाई भूरा ने आरोप लगाया कि काजल के गांव के ही रहने वाले 37 वर्षीय योगेंद्र से प्रेम संबंध थे। योगेंद्र बाउंसर के तौर पर काम करने के साथ पहलवानी भी करता है। कथित प्रेम संबंधों को लेकर गोपाल और काजल के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बच्चों के साथ फरीदाबाद आई थी पत्नी

पुलिस जांच के मुताबिक वारदात से कुछ दिन पहले काजल अपने तीनों बच्चों को लेकर गांव से फरीदाबाद पहुंची थी। यहां वह श्याम कॉलोनी में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर ठहरी हुई थी। रिश्तेदारी होने के कारण गोपाल का भी वहां आना-जाना था।

वारदात वाली रात गोपाल कथित तौर पर शराब के नशे में वहां पहुंचा और कुछ देर बाद सो गया। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान काजल ने सो रहे पति पर हमला कर दिया। उसकी गर्दन पर चाकू से कई वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस और अपराध शाखा डीएलएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ पुलिस ने परिवार और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान काजल को हिरासत में लिया गया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में काजल ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की। इसके बाद जांच का दायरा योगेंद्र तक पहुंचा। पुलिस के अनुसार तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर से मिली सूचना की मदद से हाथरस के कुंवरपुर निवासी योगेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रेमी पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप

पुलिस का आरोप है कि गोपाल की हत्या अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं थी, बल्कि उसे रास्ते से हटाने की पहले से योजना बनाई गई थी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की साजिश कब और कैसे तैयार की गई तथा वारदात से पहले दोनों आरोपियों के बीच क्या बातचीत हुई थी।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर काजल और योगेंद्र के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की जांच की जा रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article