गाजियाबाद। शालीमार गार्डन इलाके में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब विक्रम एन्क्लेव के एक खाली प्लॉट में जमा पानी के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला। शव से तेज दुर्गंध आने के बाद आसपास रहने वाले लोगों को शक हुआ और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
मामला शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव की गली नंबर-एक का है। पुलिस के मुताबिक 17 अक्टूबर को स्थानीय निवासियों ने पीआरवी को सूचना दी कि गली में स्थित एक खाली प्लॉट से तेज दुर्गंध आ रही है और पानी में किसी व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दे रहा है।
सूचना मिलते ही शालीमार गार्डन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्लॉट में पानी भरा होने के कारण शव उसमें दबा हुआ था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की।
पहले सिर गायब होने की आशंका, बाहर निकाला तो मिला पूरा शव
शव की स्थिति देखकर शुरुआत में आशंका जताई गई कि मृतक का सिर गायब हो सकता है। हालांकि जब शव को पानी से पूरी तरह बाहर निकाला गया तो सिर भी शरीर के साथ मौजूद मिला। शव से दुर्गंध आने के कारण आशंका है कि वह कुछ समय से प्लॉट में पड़ा हुआ था। मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के मुताबिक सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया। पुलिस अब मृतक की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर भी मृतक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। पहचान होने के बाद पुलिस के लिए यह पता लगाना आसान होगा कि व्यक्ति खाली प्लॉट तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है।




