गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना पुलिस ने एटीएम और कैश डिपॉजिट मशीन (CDM) से छेड़छाड़ कर साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 4 लाख रुपये नकद, ठगी की रकम से खरीदी गई स्कॉर्पियो, वारदात में इस्तेमाल की गई सेंट्रो कार, मोबाइल फोन, स्मार्ट प्लग और मशीन खोलने के विशेष औजार बरामद किए हैं। मामला केनरा बैंक की शिकायत के बाद सामने आया, जिसमें जून के अंत में सीडीएम से लाखों रुपये गायब होने की जानकारी दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने साहिबाबाद रेलवे स्टेशन अंडरपास के पास से अहसान, आरिफ, सिराज उर्फ सिराजू और रहीश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले मशीनों में स्मार्ट प्लग लगाकर मोबाइल ऐप से बिजली बाधित करते थे, जिससे लेनदेन के दौरान नकदी मशीन में फंस जाती थी। ग्राहक के जाने के बाद वे विशेष औजारों से मशीन खोलकर रकम निकाल लेते थे। गिरोह ने पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक की मशीनों को भी इसी तरीके से निशाना बनाने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों का नेटवर्क दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों तक फैला है तथा इनके खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
ATM-CDM से लाखों की ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह दबोचा




