फरीदाबाद में प्रेम प्रसंग में माली की हत्या, पत्नी और प्रेमी ने नशे में धुत कर सिर पर टाइल मारकर उतारा मौत के घाट

Must read

फरीदाबाद। गांव मौजाबाद में माली श्यामवीर की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, श्यामवीर की हत्या उसकी पत्नी केशव ने अपने प्रेमी कामत के साथ मिलकर की थी। वारदात के बाद दोनों ने शव को घर के पास खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। सोमवार को पुलिस ने गड्ढा खोदकर शव बरामद किया था। इसके बाद श्यामवीर के भाई की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया।

चार महीने से घर में रह रहा था प्रेमी

श्यामवीर मूल रूप से हाथरस के गांव धाधऊ के रहने वाले थे। वह पिछले करीब आठ वर्षों से पत्नी केशव के साथ मौजाबाद में रह रहे थे और किराये पर खेत लेकर माली का काम करते थे। दंपती के तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा और एक बेटी उनके साथ रहते हैं।

पुलिस के मुताबिक, महोबा निवासी कामत से श्यामवीर की दोस्ती थी। इसी पहचान के चलते कामत करीब चार महीने पहले श्यामवीर के घर पर ही रहने लगा। इसी दौरान उसके कथित तौर पर श्यामवीर की पत्नी केशव से प्रेम संबंध हो गए।

पत्नी के सामने खुल गया था प्रेम प्रसंग

बताया गया है कि श्यामवीर को पत्नी और कामत के बीच चल रहे संबंधों की जानकारी हो गई थी। इसे लेकर घर में अक्सर विवाद होने लगा। पुलिस के अनुसार, इसके बाद केशव और कामत ने कथित तौर पर श्यामवीर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

शराब पिलाकर हत्या, टाइल से सिर पर किया वार

पुलिस जांच के मुताबिक, 16 अगस्त की रात बच्चों के सो जाने के बाद दोनों ने श्यामवीर को शराब पिलाई। नशे में होने के बाद कामत ने इंटरलॉकिंग टाइल से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से श्यामवीर की मौत हो गई।

आरोप है कि इस दौरान केशव ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि अंदर से आने वाली आवाज बाहर न पहुंच सके। हत्या के बाद दोनों ने शव को घर के पास खेत में खोदे गए गड्ढे में डालकर मिट्टी से ढक दिया।

पति के लापता होने का रचा नाटक

वारदात छिपाने के लिए केशव ने श्यामवीर के दामाद आकाश को उसके लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर आकाश मौजाबाद पहुंचा और खुद भी श्यामवीर की तलाश शुरू कर दी।

तलाश के दौरान घर के पास खेत में उसे एक गड्ढा दिखाई दिया। गड्ढे से श्यामवीर का हाथ बाहर निकला हुआ नजर आया। इसके बाद आकाश ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाला गया शव

सूचना मिलते ही तिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गड्ढा खोदकर श्यामवीर का शव बाहर निकाला गया। मामले में श्यामवीर के भाई रामबीर की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार को केशव और उसके कथित प्रेमी कामत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article