गाजियाबाद में गैंगस्टर की तीन जगह ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, प्रॉपर्टी कारोबारी की कार पर भी बरसाईं गोलियां

Must read

गाजियाबाद में गैंगस्टर की तीन जगह ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, प्रॉपर्टी कारोबारी की कार पर भी बरसाईं गोलिया

गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में शुक्रवार रात एक गैंगस्टर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर तीन अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। आरोपियों ने पहले शालीमार गार्डन में प्रॉपर्टी कारोबारी के कार्यालय को निशाना बनाया। इसके बाद टीलामोड़ क्षेत्र में बरात के जाम में फंसने पर सरेआम गोलियां चला दीं। वारदात का सिलसिला यहीं नहीं थमा। आरोपियों ने बाद में एक प्रॉपर्टी कारोबारी की कार पर भी सीधी फायरिंग कर दी, जिससे उसका शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। लगातार हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब नौ बजे गैंगस्टर कुलदीप कसाना अपने साथियों सन्नी और गौरव के साथ ब्रेजा कार में सवार होकर निकला था। आरोप है कि तीनों ने सबसे पहले शालीमार गार्डन स्थित एक प्रॉपर्टी कारोबारी के कार्यालय के बाहर पहुंचकर हवाई फायरिंग की। इसके बाद आरोपी टीलामोड़ क्षेत्र में कॉफी पैलेस के पास पहुंच गए।

यहां बरात की चढ़त के कारण सड़क पर जाम लगा हुआ था। आरोपियों की कार भी जाम में फंस गई। बताया जा रहा है कि इससे नाराज होकर उन्होंने पिस्टल निकालकर सड़क पर ही फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर बरात में शामिल लोगों और राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही टीलामोड़ पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सन्नी व गौरव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुलदीप कसाना मौके से फरार हो गया।

प्रॉपर्टी कारोबारी की कार को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, टीलामोड़ से फरार होने के बाद कुलदीप अपने अन्य साथियों के साथ शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-वन की दयानंद कॉलोनी पहुंचा। यहां प्रॉपर्टी कारोबारी नमन की कार पर सीधे गोलियां दाग दीं। फायरिंग में कार का शीशा टूट गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इसके बाद नमन ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया।

तीन घंटे की मशक्कत के बाद गैंगस्टर गिरफ्तार

लगातार तीन स्थानों पर फायरिंग की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। शालीमार गार्डन पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गैंगस्टर कुलदीप कसाना को भी ट्रांस हिंडन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में अपने नाम का खौफ पैदा करने के लिए फायरिंग करने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।

हालांकि, एक ही रात में तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई फायरिंग ने ट्रांस हिंडन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article