गाजियाबाद। लोनी में दिल्ली-सहारनपुर रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मंगलवार सुबह करीब छह बजे दो नंबर बस स्टैंड के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो चालक के सिर में गंभीर चोट आ गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सुबह ऑटो लेकर घर से निकले थे रामबहादुर
लोनी की नाईपुरा कॉलोनी निवासी रामबहादुर ऑटो चलाकर अपना गुजारा करते हैं। उनके बेटे आशीष के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब छह बजे उनके पिता रोज की तरह ऑटो लेकर घर से निकले थे।
वह दिल्ली-सहारनपुर रोड पर दो नंबर बस स्टैंड के पास पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही रामबहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
ऑटो में सवारी नहीं होने से टला बड़ा हादसा
परिजनों के अनुसार, दुर्घटना के समय ऑटो में कोई यात्री मौजूद नहीं था। ऐसे में अन्य लोगों के घायल होने की स्थिति नहीं बनी।
हादसे के बाद कार चालक ने रुकने के बजाय वाहन समेत मौके से भाग निकला। फिलहाल उसकी पहचान सामने नहीं आई है।
गंभीर रूप से घायल रामबहादुर को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस को शिकायत का इंतजार, जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि घायल ऑटो चालक का उपचार चल रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की पहचान के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।




