फरीदाबाद। सेक्टर-77 में कार के अंदर मिले 50 वर्षीय कैब ड्राइवर प्रकाश कुमार के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक प्रकाश की हत्या किसी अनजान व्यक्ति ने नहीं, बल्कि करीब चार साल से उसके परिचित और साथ में टैक्सी चलाने वाले कुंदन ने की थी। हत्या के पीछे टैक्सी का परमिट बनवाने के पैसों को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस का दावा है कि दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसों को लेकर शुरू हुई कहासुनी झगड़े में बदल गई और कुंदन ने कार में पड़े टॉवल से प्रकाश का गला घोंट दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
कार में मिला था शव, गले पर निशान से हत्या का शक
25 अक्टूबर को बीपीटीपी थाना क्षेत्र में सेक्टर-77 स्थित केएलजे सोसायटी के सामने खड़ी एक कार के अंदर एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। एक राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक की पहचान इसी सोसायटी में रहने वाले प्रकाश कुमार के रूप में हुई। उसके गले पर निशान मिलने के बाद मौत को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू की गई।
मूल रूप से बिहार निवासी प्रकाश लंबे समय से फरीदाबाद में रहकर कैब चलाता था। उसके भाई निर्मल की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
चार साल पुरानी पहचान, परमिट को लेकर हुआ विवाद
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस की शक की सुई प्रकाश के पुराने परिचित कुंदन की तरफ घूमी। कुंदन भी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और फरीदाबाद में टैक्सी चलाता है।
पुलिस के मुताबिक दोनों करीब चार साल से एक-दूसरे को जानते थे। कुंदन अपनी टैक्सी का परमिट प्रकाश के माध्यम से बनवाता था।
इस बार परमिट बनवाने में लगने वाली रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। पुलिस का दावा है कि वारदात वाले दिन दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे और इसी दौरान पैसों की बात दोबारा छिड़ गई।
कार में पड़े टॉवल से गला घोंटने का आरोप
एसीपी क्राइम वरुण दहिया के मुताबिक कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि इसी दौरान कुंदन ने कार की सीट पर पड़ा टॉवल उठाया और उससे प्रकाश का गला घोंट दिया।
प्रकाश की मौत के बाद आरोपी उसे कार में ही छोड़कर वहां से फरार हो गया। अगली सुबह कार में शव दिखाई देने के बाद पुलिस तक मामला पहुंचा।
जांच में प्रकाश के संपर्कों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के बाद पुलिस कुंदन तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब रिमांड में खुलेगी वारदात की पूरी कड़ी
पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि वारदात से पहले दोनों कहां मिले, विवाद की शुरुआत कैसे हुई और हत्या के बाद आरोपी कहां गया।
पुलिस यह भी जांच रही है कि परमिट के पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद पहले से चल रहा था या वारदात वाले दिन ही मामला इतना बढ़ा कि प्रकाश की जान चली गई।
फिलहाल पुलिस का दावा है कि हत्या के पीछे टैक्सी परमिट से जुड़ा आर्थिक विवाद था। मामले में अन्य संभावित पहलुओं की जांच जारी है।




