दिल्ली की कार मार्केट में आधी रात ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को लगीं करीब 10 गोलियां; गैंगवॉर के एंगल से जांच

Must read

नई दिल्ली। किशनगढ़ की कार मार्केट में गुरुवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। कार से पहुंचे हमलावरों ने अश्वनी नाम के युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। सूत्रों के मुताबिक हमलावरों ने एक दर्जन से अधिक गोलियां चलाईं, जिनमें करीब 10 गोलियां अश्वनी को लगीं। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या के तरीके को देखते हुए पुलिस गैंगवॉर और पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आशंका है कि हमलावर अश्वनी की गतिविधियों की पहले से जानकारी जुटा रहे थे और रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि हमले के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

रात 12:53 बजे पुलिस को मिली गोलीबारी की खबर

पुलिस के मुताबिक गुरुवार देर रात 12:53 बजे किशनगढ़ थाने को कार मार्केट में एक युवक को गोली मारे जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा था।

उसे तत्काल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसके पास मिले दस्तावेजों से पहचान अश्वनी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके परिवार को वारदात की सूचना दी।

पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

दो महीने पहले ही किशनगढ़ में लिया था किराए का मकान

जांच में सामने आया है कि अश्वनी मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला था। करीब दो महीने पहले उसने किशनगढ़ गांव में किराए पर मकान लिया था और एक महिला व बच्चे के साथ वहां रह रहा था।

पुलिस अब उसके दिल्ली आने और नया ठिकाना चुनने की वजह भी तलाश रही है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली आने के बाद अश्वनी ने अपने कई पुराने परिचितों से संपर्क कम कर दिया था। उसके नए पते की जानकारी भी सीमित लोगों के पास होने की बात सामने आई है।

यही वजह है कि पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि हमलावरों ने अश्वनी तक पहुंचने के लिए पहले उसकी रेकी की हो।

कार से आए हमलावर, CCTV में तलाश रही पुलिस

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक हमलावर कार से कार मार्केट पहुंचे थे। अश्वनी पर कई राउंड फायरिंग करने के बाद वे उसी वाहन से फरार हो गए।

वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने के लिए कार मार्केट और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों के आने और भागने का रूट तलाशने के साथ उनकी कार की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

काला जठेड़ी गैंग से कनेक्शन की भी जांच

पुलिस सूत्रों के मुताबिक अश्वनी के कथित तौर पर काला जठेड़ी गैंग से जुड़े लोगों के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था और उसके खिलाफ हत्या, मारपीट तथा आर्म्स एक्ट समेत करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज होने की बात कही जा रही है।

बताया गया है कि अश्वनी पहले गोहाना स्थित एक टोल पर काम करता था। पुलिस उसके पुराने आपराधिक मामलों, जेल से बाहर आने के बाद की गतिविधियों और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।

जांच में अश्वनी के भाई मनप्रीत के आपराधिक संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि दोनों भाइयों के जठेड़ी गैंग से संबंध रहे हैं और एक पुराने मामले में अश्वनी तथा गैंगस्टर काला जठेड़ी दोनों आरोपी रहे हैं।

फिलहाल पुलिस गैंगवॉर, पुरानी दुश्मनी और निजी संबंधों समेत अलग-अलग एंगल से हत्या की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही साफ हो सकेगा कि अश्वनी को इतनी बेरहमी से निशाना बनाने के पीछे कौन था और हत्या की असली वजह क्या थी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article