नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पति-पत्नी के बीच विवाद से जुड़ी दो सनसनीखेज वारदातें सामने आई हैं। नांगलोई के लक्ष्मी पार्क इलाके में एक महिला की कथित तौर पर उसके पति ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं वेलकम इलाके में मायके में रह रही पत्नी को वापस ससुराल ले जाने पहुंचे युवक ने बहस के बाद कथित तौर पर उस पर गोली चला दी। महिला बाल-बाल बच गई और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
15 दिन पहले ही किराए के मकान में रहने आई थी रूबी
नांगलोई के लक्ष्मी पार्क में हुई हत्या में मृतका की पहचान रूबी के रूप में हुई है। वह अपने पति और 13 वर्षीय बेटे के साथ किराए के मकान में रहती थी। पड़ोस में रहने वाली पूजा के मुताबिक परिवार करीब 15 दिन पहले ही यहां रहने आया था।
डीसीपी आउटर विक्रम सिंह मीणा के अनुसार वारदात बुधवार रात हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक रूबी पर किचन में इस्तेमाल होने वाले चाकू से कई वार किए गए। हमले में उसकी मौत हो गई, जबकि वारदात के बाद उसका पति फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि रूबी का पति बेरोजगार था और कथित तौर पर नशे का आदी भी था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बुधवार रात भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
वारदात के समय रूबी का 13 वर्षीय बेटा घर पर मौजूद नहीं था। वह पास में रहने वाली अपनी मौसी के यहां गया हुआ था। रूबी की कई बहनें भी इसी इलाके में रहती हैं और उनका ‘अलीगढ़ कचौड़ी’ के नाम से कारोबार बताया जा रहा है।
हत्या के बाद आरोपी पति के फरार होने पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद वारदात की वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी। पोस्टमार्टम संबंधी प्रक्रिया के बाद रूबी के परिजन गुरुवार दोपहर उसका शव लेकर अलीगढ़ स्थित अपने गांव रवाना हो गए।
मायके में रह रही पत्नी को लेने पहुंचा पति, बहस के बाद चला दी गोली
दिल्ली के वेलकम इलाके में भी पति-पत्नी के विवाद के दौरान गोली चलने का मामला सामने आया है। यहां 24 वर्षीय मोहम्मद फैजान उर्फ फाजी पर अपनी पत्नी नेहा पर गोली चलाने का आरोप है। राहत की बात यह रही कि गोली महिला को नहीं लगी।
डीसीपी राहुल अलवाल के मुताबिक 14 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे जनता मजदूर कॉलोनी के ई-ब्लॉक में गोली चलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी फैजान को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा, दो कारतूस और एक स्कूटी बरामद की गई है।
23 वर्षीय नेहा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब तीन-चार महीने पहले हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसके चलते वह पिछले करीब 10-12 दिनों से अपने मायके में रह रही थी।
आरोप है कि बुधवार शाम फैजान वहां पहुंचा और नेहा से ससुराल वापस चलने के लिए कहने लगा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर फैजान ने कथित तौर पर गुस्से में हथियार निकालकर गोली चला दी। गोली नेहा को नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से हथियार और कारतूस बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




