गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में जमीन को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक टकराव में बदल गया। थाने के पास स्थित एक प्लॉट पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के बीच गोली चल गई। गोली लगने से हिंदू रक्षा दल से जुड़े आयुष की मौत हो गई। वारदात के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कथित रूप से गोली चलाने वाले राहुल साहनी को पकड़ लिया। झड़प में राहुल भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने मौके से एक रिवॉल्वर बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना जीटी रोड पर एमएमएक्स मॉल के सामने साहिबाबाद थाने के नजदीक स्थित एक पुराने बैंक्वेट हॉल परिसर की बताई जा रही है। यहां कुछ समय पहले जमीन की प्लॉटिंग की गई थी। इसी परिसर में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी की पत्नी के नाम भी एक प्लॉट बताया गया है, जिसकी देखरेख की जिम्मेदारी दिल्ली के गोकुलपुरी निवासी आयुष को दी गई थी।
बताया जा रहा है कि यह प्लॉट नोमिता शर्मा से खरीदा गया था। प्लॉट के बराबर स्थित ग्रीन बेल्ट की जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। नोमिता शर्मा इस हिस्से को अपनी जमीन बताती थीं, जबकि दूसरे पक्ष का दावा अलग था।
शुक्रवार को पिंकी चौधरी का बेटा सूर्या कुछ साथियों के साथ प्लॉट पर काम करा रहा था। इसी दौरान नोमिता का परिचित राहुल साहनी जमीन की पैमाइश के लिए वहां पहुंचा। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
सूर्या का आरोप है कि विवाद के दौरान राहुल ने रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी और एक गोली आयुष के सीने में जा लगी। गोली लगते ही आयुष गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहुल को पकड़ लिया और उसके पास मौजूद रिवॉल्वर छीन ली। आरोप है कि इसके बाद राहुल के साथ भी मारपीट की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आयुष को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राहुल को भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि राहुल ने पुलिस के सामने घटना को लेकर अलग दावा किया है। उसका कहना है कि वह जमीन की पैमाइश कराने के लिए मौके पर गया था, जहां सूर्या और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया। राहुल के मुताबिक मारपीट के दौरान उसकी रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की गई और इसी खींचतान में ट्रिगर दबने से गोली चल गई। उसने यह भी आरोप लगाया है कि बाद में उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिससे उसका एक पैर टूट गया।
पुलिस अब दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोली जानबूझकर चलाई गई थी या हथियार को लेकर हुई खींचतान के दौरान चली।
डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल के अनुसार पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली थी। घटना में आयुष की गोली लगने से मौत हुई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।




