नई दिल्ली। सुंदर नगरी इलाके में प्रॉपर्टी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। देर रात हुए विवाद के दौरान 28 वर्षीय मोहम्मद अली की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात का आरोप परिवार के ही 71 वर्षीय नसीरुद्दीन और उसके 26 वर्षीय बेटे जावेद पर लगा है। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए, लेकिन नंद नगरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। तलाशी के दौरान नसीरुद्दीन के घर से कई अन्य चाकू, तलवार और दूसरे हथियार मिलने की भी बात सामने आई है। पुलिस अब इन हथियारों के संबंध में भी जांच कर रही है।
रात में पानी लेने नीचे गया था अली
पुलिस के अनुसार, 12 और 13 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:43 बजे सुंदर नगरी के एच-ब्लॉक में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल अली के परिजन उसे इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने अली को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, अली सुंदर नगरी की गली नंबर-2 स्थित मकान में परिवार के साथ रहता था। मकान की पहली मंजिल पर अली का परिवार रहता था, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर उसके ताऊ नसीरुद्दीन अपने बेटों के साथ रहते थे।
आरोप है कि वारदात की रात करीब एक बजे अली फ्रिज से पानी की बोतल लेने नीचे गया था। इसी दौरान गेट खोलने को लेकर उसका जावेद से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
पकड़कर रखा, फिर चाकू से किए कई वार
परिजनों ने पुलिस को बताया कि विवाद बढ़ने पर नसीरुद्दीन ने कथित तौर पर अली को पकड़ लिया। इसी दौरान जावेद ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अली मौके पर गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
परिजनों ने घायल अली को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और 13 सितंबर को हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
दुकान से शुरू हुआ विवाद, मकान तक पहुंचा मामला
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार की मुर्गा मार्केट स्थित कपड़े की दुकान को लेकर भी दोनों पक्षों में तनाव था।
मृतक के भाई तालिब के मुताबिक, नसीरुद्दीन के साथ करीब आठ महीने से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इससे पहले भी नसीरुद्दीन और जावेद अली के साथ मारपीट कर चुके थे।
परिजनों का आरोप है कि विवाद केवल दुकान तक सीमित नहीं था। दोनों आरोपी कथित तौर पर पूरे मकान पर भी कब्जा करना चाहते थे। इसी वजह से परिवार के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।
पुलिस ने कुछ घंटों में दबोचे आरोपी
हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ सुराग जुटाए। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।
पुलिस अब हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की पूरी कड़ी, वारदात में इस्तेमाल हथियारों और दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। वहीं, मृतक के परिजनों ने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।




