गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के नांगलोई निवासी संजय शर्मा (36) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, संजय पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ करीब तीन दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, बुधवार देर रात पुलिस टीम हिंडन बैराज के पास बड़े और छोटे पुल के बीच नहर वाले रास्ते पर संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से पहुंचे एक युवक को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बदमाश ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोली चला दी। फायरिंग में एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया।
पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, पीली धातु का एक टुकड़ा और बाइक बरामद की गई है।
एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार संजय शर्मा लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। उसके खिलाफ करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ बरामद सामान और उसके इस्तेमाल की गई बाइक के संबंध में भी जांच कर रही है।
साथी भी मुठभेड़ में पकड़ा गया था
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात तिकोना पार्क के पास हुई मुठभेड़ में दिल्ली के नांगलोई निवासी मनोज उर्फ असलम उर्फ आड़े को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का दावा है कि उसने भी टीम पर फायरिंग की थी और जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी।
जांच में सामने आया है कि संजय शर्मा और मनोज उर्फ असलम साथ मिलकर चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके गिरोह और पूर्व में की गई वारदातों की जानकारी जुटा रही है।




