Madhya Pradesh : 6 साल की मासूम की अंधी हत्या का खौफनाक खुलासा

Must read

भिंड: लहार थाना क्षेत्र के मेहरा बुजुर्ग गांव में दो महीने पहले हुई 6 साल की बच्ची की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। रिश्ते और इंसानियत को तार-तार कर देने वाले इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मासूम की सगी मां और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने अपने अवैध संबंधों के राज खुलने और सामाजिक बदनामी के खौफ में आकर मासूम की हत्या की खौफनाक साजिश रची थी।
कुएं में मिला था शव, राहगीरों के फोन से संपर्क कर पुलिस को दे रहे थे चकमा
घटना 15 जून की है, जब मेहरा बुजुर्ग गांव के एक कुएं से मासूम का शव बरामद होने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। शुरुआत में शिनाख्त न होने पर पुलिस ने सोशल मीडिया और फॉरेंसिक जांच (डायटम टेस्ट) के जरिए बच्ची की पहचान की। वारदात के बाद से ही शातिर आरोपी पुलिस से बचने के लिए खुद का मोबाइल इस्तेमाल न कर राहगीरों के फोन से बात करते थे। हालांकि, साइबर सेल ने टावर लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालकर 15 अगस्त को दोनों को ग्वालियर से दबोच लिया।
नाना के घर जाने की जिद बनी मौत की वजह, कोर्ट ने भेजा जेल
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस को पता चला कि मासूम अपने नाना के घर जाने की जिद कर रही थी। आरोपियों को डर था कि वहां जाकर बच्ची उनके रिश्तों का भंडाफोड़ न कर दे। इसी खौफ में दोनों रात के अंधेरे में बच्ची को बहला-फुसलाकर कुएं के पास ले गए और उसकी हत्या कर शव को पानी में फेंक दिया। पुलिस ने वारदात का क्राइम सीन रिक्रिएट करवाकर वीडियोग्राफी कराई और दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। अंधी हत्या का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article