नई दिल्ली, 11 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, रेलवे पुलिस और विभिन्न जिलों की पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं। इसी कड़ी में पुलिस ने राजधानी के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलकायदा से जुड़े छह वांछित आतंकियों के पोस्टर लगाए हैं और उनकी तलाश तेज कर दी है।
पुलिस की ओर से जारी पोस्टरों में मोहम्मद शारजील अख्तर, मोहम्मद रेहान, अबू सुफियान, सैयद मोहम्मद अर्शियान, मोहम्मद शाहिद फैसल और मोहम्मद उमर के फोटो शामिल हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि इनमें से किसी व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पोस्टर पर सूचना देने के लिए दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 112 दिया गया है। पुलिस ने जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने के साथ-साथ इनाम देने की भी बात कही है। अधिकारियों का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाने से आम नागरिक भी वांछित लोगों की पहचान और उनके संभावित ठिकाने के बारे में पुलिस को जानकारी देने में मदद कर सकेंगे।
रेलवे स्टेशनों और बाजारों में बढ़ेगी निगरानी
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली के रेलवे स्टेशनों, बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही यात्रियों और उनके सामान की जांच भी बढ़ाई जाएगी।
13 से 16 अगस्त तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था
रेलवे स्टेशनों पर यह विशेष सुरक्षा व्यवस्था 13 से 16 अगस्त तक लागू रहेगी। प्रवेश और निकास द्वारों के अलावा यात्रियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और सामान्य दिनों की तुलना में कुछ समय पहले रेलवे स्टेशन पहुंचें, ताकि अतिरिक्त सुरक्षा जांच के कारण यात्रा में देरी न हो।




