गाजियाबाद में आज बदलेगा ट्रैफिक रूट, चौधरी मोड़ से घंटाघर जाने पर रोक; जानें वैकल्पिक मार्ग

Must read

गाजियाबाद, 10 अगस्त। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर गाजियाबाद में सोमवार को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। सप्ताह का पहला कामकाजी दिन होने के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने और कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई स्थानों पर डायवर्जन की तैयारी की है। चौधरी मोड़ से घंटाघर की ओर वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है।

रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण चौधरी मोड़ से घंटाघर की तरफ यातायात सामान्य रहा। वाहनों का दबाव कम होने के चलते ट्रैफिक पुलिस को इस मार्ग पर रोक लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। हालांकि सोमवार को स्थिति बदलने की संभावना है।

चौधरी मोड़ और रेलवे रोड कट से नहीं जा सकेंगे वाहन

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जरूरत पड़ने पर चौधरी मोड़ के अलावा रेलवे रोड कट से भी वाहनों को घंटाघर की ओर जाने से रोका जाएगा। जीटी रोड पर यातायात का दबाव कम करने के लिए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

वहीं, हापुड़ तिराहे से आने वाले वाहनों को घंटाघर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को हापुड़ रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। सोमवार को बड़ी संख्या में लोगों के कामकाज के लिए घरों से निकलने के कारण चौधरी मोड़, रेलवे रोड कट, घंटाघर और आसपास के इलाकों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।

कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने पर तत्काल लागू होगा डायवर्जन

कांवड़ यात्रा के चलते सड़कों पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस यातायात और कांवड़ियों की भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखेगी। अधिकारियों के अनुसार, चौधरी मोड़ और रेलवे रोड कट पर वाहनों को रोकने का फैसला मौके की स्थिति के आधार पर लिया जाएगा।

जरूरत पड़ने पर तत्काल डायवर्जन लागू कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा, ताकि कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

गौशाला अंडरपास-जस्सीपुरा मोड़ के बीच भी यातायात बंद

कांवड़ यात्रा को देखते हुए गौशाला अंडरपास और जस्सीपुरा मोड़ के बीच भी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article