फरीदाबाद। बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर में 16 वर्षीय छात्र की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पलवल जिले के भवन नगला हसनपुर निवासी सागर के रूप में हुई है। वह नौवीं कक्षा का छात्र था और अपनी मां के साथ गांव प्रहलादपुर स्थित ननिहाल आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात क्षेत्र में बिजली नहीं होने के कारण सागर गांव के कुछ बच्चों के साथ करीब नौ बजे रेलवे ट्रैक की ओर घूमने गया था। बताया गया कि वह कानों में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर टहल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही मालगाड़ी की आवाज उसे सुनाई नहीं दी और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना उसके साथ मौजूद बच्चों ने परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सदर थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि युवक रेलवे ट्रैक पर ईयरफोन लगाकर चल रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
परिजनों के अनुसार, सागर तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। इस घटना के बाद गांव प्रहलादपुर और उसके पैतृक गांव भवन नगला हसनपुर में शोक का माहौल है।




