गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ खंडित होने के विवाद पर हंगामा हो गया। कांवड़ियों ने एक मुस्लिम युवक पर कांवड़ छूने का आरोप लगाते हुए उसकी बीच सड़क पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। कांवड़ियों की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कांवड़ की दोबारा विधि-विधान से पूजा कराई गई, जिसके बाद वे आगे की यात्रा पर रवाना हुए।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के भरतपुर निवासी सोनू कुमार अपने 15 साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक युवक से उनकी कांवड़ छू गई। पूछने पर युवक ने अपना नाम इमरान बताया। कांवड़ियों का आरोप है कि इससे उनकी कांवड़ खंडित हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कांवड़ियों ने इमरान की पिटाई की और करीब 20 मिनट तक उसे अपने कब्जे में रखा। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
सोनू कुमार ने बताया कि वह 21 जुलाई की सुबह हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकले थे और पूरी यात्रा नियमों के अनुसार कर रहे थे। उनका कहना है कि रास्ते में कांवड़ खंडित होने से उनकी पूरी साधना और मेहनत व्यर्थ हो गई। उन्होंने बताया कि उन्हें 10 अगस्त तक अपने गांव पहुंचना है और 11 अगस्त को गांव के शिव मंदिर में जलाभिषेक करना है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और यातायात बहाल कराया। हंगामे के कारण गुलधर स्टेशन के पास करीब 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) राजकरण नैयर ने बताया कि घटना के बाद सभी थाना प्रभारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मेरठ बॉर्डर से दिल्ली सीमा तक कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने और डायवर्जन व्यवस्था सख्ती से लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।




