फरीदाबाद। दिल्ली में जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस ने राजधानी से लगने वाले सभी प्रमुख बॉर्डरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बदरपुर बॉर्डर समेत दिल्ली से जुड़े छह प्रमुख प्रवेश मार्गों पर 24 घंटे के लिए विशेष नाकाबंदी कर हर छोटे-बड़े वाहन की सघन जांच की जा रही है। पुलिस वाहन की डिग्गी, केबिन और अन्य हिस्सों की तलाशी लेकर संदिग्ध व्यक्तियों और आपत्तिजनक सामान पर नजर रख रही है, ताकि आंदोलन की आड़ में कोई असामाजिक तत्व कानून-व्यवस्था प्रभावित न कर सके। डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे स्थित दुर्गा बिल्डर एमसीडी टोल, सराय ख्वाजा टोल, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, सूरजकुंड-प्रह्लादपुर मार्ग, इस्माइलपुर-जैतपुर मार्ग और बसंतपुर पुस्ता रोड पर भी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल भी तैनात किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों और पुलिस टीमों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा जांच के चलते कुछ स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही, हालांकि यातायात को सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार ट्रैफिक संचालन भी करती रही।
CJP प्रदर्शन के बीच फरीदाबाद-दिल्ली बॉर्डर पर हाई अलर्ट, सभी एंट्री प्वाइंट्स पर सख्त चेकिंग




