नई दिल्ली। इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी, जहां यह तय किया जाएगा कि उसकी जमानत बरकरार रहेगी या उसे जेल जाना होगा। पिछली सुनवाई में शीर्ष अदालत ने सोनम को आत्मसमर्पण करने की सलाह देते हुए कहा था कि या तो अदालत मेघालय सरकार की अपील पर अंतिम फैसला सुनाए या फिर वह जांच में सहयोग के लिए सरेंडर करे और इस दौरान जमानत पर विचार किया जाए। इससे पहले मेघालय हाईकोर्ट ने 26 अप्रैल को सोनम को जमानत दी थी, जिसके खिलाफ राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची है। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने गिरफ्तारी के समय कारण नहीं बताए जाने संबंधी सोनम की दलीलों पर भी सवाल उठाए थे, जबकि मेघालय सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा था कि सोनम ने स्वयं पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था और गिरफ्तारी मेमो में यदि कोई कमी है तो वह केवल लिपिकीय त्रुटि है। उनका कहना था कि आत्मसमर्पण करने वाले आरोपी को गिरफ्तारी प्रक्रिया से जुड़े तकनीकी आधारों पर राहत नहीं मिल सकती। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला सभी की नजरों में रहेगा।
सोनम रघुवंशी की जमानत पर आज सुप्रीम कोर्ट सुनाएगा अहम फैसला




