राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सड़कें सोमवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गईं। नीट (NEET) पेपर लीक और युवाओं के मुद्दों को लेकर पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर डटे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के कार्यकर्ताओं और छात्रों का सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। हजारों की संख्या में उग्र प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन की ओर मार्च निकाला, जिन्हें रोकने के लिए पुलिस ने ताबड़तोड़ लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
बैरिकेडिंग टूटी, संसद के दरवाजे बंद करने पड़े
सुबह से ही पटेल चौक, जनपथ और कॉन्स्टीट्यूशन क्लब के आसपास हजारों की संख्या में छात्र और कार्यकर्ता जुटने लगे थे। प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए संसद भवन के बिल्कुल करीब तक पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख सुरक्षाकर्मियों को आनन-फानन में संसद के प्रवेश द्वार बंद करने पड़े।
पटेल चौक और आरबीआई (RBI) इमारत के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और सात प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन में शामिल नेताओं का दावा है कि उनके कई सहयोगियों को पुलिस ने उठाया है, हालांकि प्रशासन इससे इनकार कर रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात बेनतीजा, वांगचुक का अनशन जारी
हंगामे के बीच CJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। हालांकि, इस बातचीत से कोई ठोस रास्ता नहीं निकल सका। वहीं, लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने स्पष्ट कर दिया है कि मांगों पर अमल होने तक उनका अनशन जारी रहेगा।
मेट्रो स्टेशन बंद, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
सुरक्षा में चूक से बचने के लिए प्रशासन ने मध्य दिल्ली को छावनी में बदल दिया है। राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, जनपथ और पटेल चौक समेत कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए, जिससे आम यात्रियों को काफी फजीहत झेलनी पड़ी।
प्रभावित मेट्रो स्टेशन:
• राजीव चौक (Rajiv Chowk)
• केंद्रीय सचिवालय (Central Secretariat)
• जनपथ (Janpath)
• पटेल चौक (Patel Chowk)
• सेवा तीर्थ (Sewa Tirth)
संसद के अंदर गूंजा मुद्दा: पहले ही दिन 6 बार स्थगित हुई लोकसभा
सड़कों पर मचे घमासान की गूंज संसद के अंदर भी सुनाई दी। मॉनसून सत्र के पहले ही दिन विपक्ष ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
विपक्ष का हमला: राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश का युवा न्याय मांग रहा है, लेकिन सरकार उन पर लाठियां बरसा रही है।
सदन ठप: भारी हंगामे के कारण लोकसभा को दिनभर में 6 बार स्थगित करना पड़ा। आखिरकार दोनों सदनों की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
फिलहाल रायसीना हिल्स और संसद परिसर के चारों तरफ त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैनात है और इलाके में तनाव बना हुआ है।




