गुरुग्राम। साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराकर ऑनलाइन ठगी को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को सेक्टर-65 क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। एसीपी गौरव फोगाट ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कावटिया और रजत ग्रोवर के रूप में हुई है। इनके ठिकानों से 88 चेक बुक, 88 एटीएम कार्ड, 11 डिजिटल सिग्नेचर (DSC), 8 मोबाइल फोन, 7 रबर स्टैंप और 14 बैंक स्कैनर बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि अजय ने फर्जी कंपनियां बनाकर करीब 80 बैंक खाते खुलवाए और उन्हें देश-विदेश में सक्रिय साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया। बदले में उसे ठगी गई रकम का 6 प्रतिशत कमीशन मिलता था, जबकि रजत जैसे खाताधारकों को भी हिस्सा दिया जाता था। प्रारंभिक जांच में इन खातों से जुड़े देशभर में 250 से अधिक साइबर अपराध की शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस अब खातों के लेनदेन और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
फर्जी बैंक खातों से साइबर ठगी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, दो आरोपी गिरफ्तार




