राजगढ़। राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़-बैरसिया मार्ग स्थित पार्वती नदी में डूबे दो युवकों के शव गुरुवार को करीब 27 घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद बरामद कर लिए गए। भोपाल जिले के नजीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मेगरा नवीन निवासी सोनू अहिरवार (26) और गोलू अहिरवार (23) बुधवार शाम नदी में नहाने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों की तलाश के दौरान नदी पर बने अस्थायी पुल पर उनकी बाइक, कपड़े और मोबाइल मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एसडीईआरएफ की टीम ने बुधवार रात से बोट के जरिए सर्च अभियान शुरू किया। गुरुवार सुबह सोनू का शव मिला, जबकि शाम करीब 7:15 बजे गोलू का शव भी नदी से निकाल लिया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बैरसिया अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पार्वती नदी में डूबे दो युवकों के शव 27 घंटे बाद मिले, परिवार में मातम




