गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर क्षेत्र की रतिराम कॉलोनी में बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रविवार देर रात रास्ता देने को लेकर हुई कहासुनी के बाद आरोप है कि मोहल्ले के एक युवक ने पिस्टल से कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना में 25 वर्षीय विपिन कुमार के पेट में गोली लगी, जबकि दूसरी गोली उसकी जेब में रखे मोबाइल पर लगी। उसका छोटा भाई गौरव भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। परिजन दोनों को अस्पताल ले गए, जहां से विपिन को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मुख्य आरोपी की तलाश जारी है, जबकि उसके पिता और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और फायरिंग के कारणों की जांच कर रही है।
हॉर्न बजाने पर चली गोलियां, युवक की हत्या से इलाके में सनसनी




