गाजियाबाद। 9 जुलाई की रात 65 वर्षीय अनार सिंह की चाकू मारकर हत्या करने के बाद फरार हुए आरोपी दामाद संदीप चौधरी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। शनिवार को गाजियाबाद, मोदीनगर, हापुड़ और बुलंदशहर में कई स्थानों पर छापेमारी की गई। जांच में पता चला कि वारदात के बाद आरोपी ने मोदीनगर में अपना मोबाइल बंद कर दिया था, जिसके आधार पर पुलिस उसकी लोकेशन खंगाल रही है। पुलिस अब आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित करने की तैयारी में है। जांच के अनुसार, संदीप अपनी पत्नी की हत्या के इरादे से ससुराल पहुंचा था, लेकिन वहां उसने अपने ससुर अनार सिंह पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। मृतक की बेटी मोनिका लंबे समय से पति की प्रताड़ना के कारण मायके में रह रही थी। मामले में मृतक के बेटे दीपांशु चौधरी की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है और उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।
ससुर की हत्या के बाद फरार दामाद की तलाश तेज, 25 हजार का इनाम घोषित करने की तैयारी




