ग्वालियर। बिजौली थाना पुलिस ने लगुन-फलदान समारोह के दौरान फायरिंग कर एक युवक को गोली मारने के आरोपी अजीत राणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 20 जून को ग्राम दुहिया में आयोजित कार्यक्रम में अवैध कट्टे से पहले हवाई फायर किए और विरोध करने पर धीरेंद्र सिंह राणा को सीने में गोली मारकर फरार हो गया था। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसके बयान के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को वीवीएम कॉलेज के पीछे से दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कानून का संदेश देने और लोगों में विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से आरोपी को हथकड़ी लगाकर घटनास्थल तक पैदल ले जाकर सीन रीक्रिएशन कराया। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार और कारतूस कहां से आए थे।
लगुन समारोह में गोली चलाने वाला बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने गांव में पैदल घुमाया




