गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान के तहत बुधवार को पटौदी के व्यापारी मोहल्ला में 13 आपराधिक मामलों के आरोपी शोएब उर्फ सिक्कू के 120 वर्ग गज में बने अवैध एक मंजिला मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार, जिला प्रशासन के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण हटाकर भूमि को मूल स्वरूप में बहाल किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, जुआ, मारपीट, दंगा, तोड़फोड़, रंगदारी और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में 13 मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्तियों और अवैध कब्जों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
पटौदी में 13 मामलों के आरोपी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर




