ग्रेटर नोएडा। निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक युवक से 27 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित अदालत पहुंचा, जिसके आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बिसरख निवासी सत्यम सिंह के अनुसार उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया था, जिसे खोलने पर निवेश के बदले दोगुना मुनाफा देने का दावा किया गया। अधिक लाभ के लालच में उन्होंने अलग-अलग तिथियों में आरोपियों द्वारा बताए गए कई बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में न तो निवेश की राशि वापस मिली और न ही आरोपियों से संपर्क हो सका। पुलिस अब संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, ट्रांजेक्शन डिटेल्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को चेतावनी दी है कि असामान्य मुनाफे का दावा करने वाले लिंक और ऑनलाइन निवेश ऑफर अक्सर ठगी का माध्यम होते हैं, इसलिए किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने या बिना सत्यापन निवेश करने से बचना चाहिए।
निवेश पर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा, युवक से 27 लाख की साइबर ठगी




