नई दिल्ली। मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर क्षेत्र में बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ड्रेनेज चैनल (नाले) के ऊपर बने अवैध दुकानों, पक्के निर्माणों और झुग्गियों को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया। निगम अधिकारियों के अनुसार नाले पर कब्जे के कारण हर साल क्षेत्र में गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती थी। कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात रहे। एमसीडी ने स्पष्ट किया कि मानसून में जलभराव रोकने और नालों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे तथा सरकारी जमीन और नालों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तिलक नगर में नाले पर चला बुल्डोजर, मानसून से पहले MCD का बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान




