फरीदाबाद। एसजीएम नगर क्षेत्र में बिना मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री के क्लीनिक संचालित कर मरीजों का इलाज करने के आरोप में एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर थाना एसजीएम नगर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा के निर्देश पर 4 जून को स्वास्थ्य विभाग और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने एसजीएम नगर स्थित शाहीन क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान क्लीनिक संचालिका शाहीन बानो मरीजों का उपचार करती मिलीं, लेकिन वह कोई मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री, डिप्लोमा या रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सकीं। टीम को क्लीनिक से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां, चिकित्सा उपकरण और प्रसव संबंधी सामग्री भी मिली। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शाहीन बानो खुद को डॉक्टर बताकर इलाज कर रही थीं और मरीजों से शुल्क भी ले रही थीं। मौके से बरामद दवाइयों और उपकरणों को सील कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि ओपीडी रजिस्टर, फीस चार्ट और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए। जांच में दवाइयों की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड और वैध ड्रग लाइसेंस भी नहीं मिला। पुलिस ने शाहीन बानो के खिलाफ एनएमसी एक्ट, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फरीदाबाद में फर्जी क्लीनिक पर कार्रवाई, बिना मेडिकल डिग्री इलाज करने वाली महिला पर केस दर्ज




