फरीदाबाद। चावला कॉलोनी स्थित एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी की शाखा से 3.54 लाख रुपए नकद और सीसीटीवी डीवीआर चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने कंपनी के ही कर्मचारी मोनूराज उर्फ करण को गिरफ्तार किया है। आरोपी मेरठ के किशनपुर का रहने वाला है और वारदात के समय शाखा में प्रशिक्षण पर कार्यरत था। पुलिस जांच में सामने आया कि 11 अप्रैल को छुट्टी के दिन शाखा में अकेला मौजूद आरोपी शाखा प्रबंधक के बैग से लॉकर की चाबी चुराकर लॉकर से 3 लाख 54 हजार 811 रुपए निकाल ले गया। चोरी का खुलासा न हो, इसके लिए उसने सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले लिया। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस चोरी की रकम और डीवीआर बरामद करने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।
फरीदाबाद में माइक्रो फाइनेंस कंपनी से ₹3.54 लाख की चोरी, कंपनी का कर्मचारी गिरफ्तार




