ग्रेटर नोएडा। चर्चित दीपक नागर हत्याकांड में इकोटेक-3 थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रीत नागर समेत दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई .32 बोर की पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। दीपक नागर की 20 मई 2026 की रात ग्राम वेदपुरा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि वर्ष 2011 में आरोपी के पिता की हत्या हुई थी, जिसमें मृतक दीपक नागर के पिता नामजद थे, हालांकि बाद में अदालत से बरी हो गए थे। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने करीब एक महीने तक दीपक की रेकी कर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी प्रीत नागर पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
दीपक नागर हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 15 साल पुरानी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश




