ग्वालियर। ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर वीडियोकोच बस में रविवार रात आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर पनिहार रेलवे स्टेशन के पास अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलने के बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवर, क्लीनर और यात्रियों की सतर्कता से सभी को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर छलांग लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस और यात्रियों के सामान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 45 यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा




