नीमच। जिले के सिंगोली क्षेत्र स्थित तिलस्वा घाट पर मंगलवार रात पेंट की बाल्टियां लेकर जा रही एक पिकअप वाहन बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राजस्थान के धौलपुर से बांसवाड़ा जा रहे वाहन में मजदूर पेंट की बाल्टियों के ऊपर बैठे थे। रात करीब 10 बजे खतरनाक मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मृतक मजदूर उत्तर प्रदेश के बरेली और गाजीपुर तथा राजस्थान के जयपुर के रहने वाले बताए गए हैं। घायल मोहम्मद जाकिर, इदरीस और सोमपाल को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है। इसी तिलस्वा घाट पर दो दिन पहले भी एक बस पलटने से 30 यात्री घायल हुए थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने यहां सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
तिलस्वा घाट में पिकअप खाई में गिरी, 3 मजदूरों की मौत




