फरीदाबाद। Faridabad क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने वांछित बदमाश संदीप उर्फ चेंटा को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार आरोपी गांव मच्छगर का रहने वाला है और 20 मई को सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ स्थित चंदिला फूड होटल में कर्मचारी पर पिस्टल तानकर हत्या के प्रयास की वारदात में शामिल था। सूचना मिलने पर पुलिस ने 21-22 मई की रात थाना छांयसा क्षेत्र के चांदपुर-अटाली रोड पर गांव फज्जूपुर के पास उसे घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और पिस्टल बरामद की है। आरोपी पर लूट, डकैती और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुठभेड़ के बाद वांछित बदमाश संदीप उर्फ चेंटा गिरफ्तार




