गाजियाबाद। Ghaziabad के मोदीनगर में मेरठ रोड पर गुरुवार तड़के तेज रफ्तार सफेद स्विफ्ट कार डिवाइडर पर बने नमो भारत के पिलर से टकराकर पलट गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना ईएसआई अस्पताल के सामने हुई, जहां दिल्ली से मेरठ लौट रहे कार सवार युवक सुबह करीब पांच बजे हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मेरठ के परतापुर निवासी आदेश और लोनी निवासी अंकित तिवारी की मौत हो गई, जबकि कुलदीप, रोहित, आदेश और हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और क्रेन की मदद से कार हटवाकर यातायात बहाल कराया। मोदीनगर सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
तेज रफ्तार कार नमो भारत के पिलर से टकराई, 2 युवकों की मौत




